CM दौरे से पहले संभल में बड़ी कार्रवाई: बुलडोजर से हटाया गया मजार-इमामबाड़ा

संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर गांव में शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने सरकारी बंजर भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई। प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाया गया।

प्रशासन के अनुसार, राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी बंजर भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के इमामबाड़ा और एक मजार का निर्माण किया गया था। मामले की जांच के बाद राजस्व विभाग ने कानूनी प्रक्रिया शुरू की और संबंधित प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

अधिकारियों का कहना है कि सक्षम न्यायालय से बेदखली का आदेश मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से निर्माण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संभल दौरा प्रस्तावित है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *